जम्मू-कश्मीर में चुनाव संबंधी राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक से पहले भाजपा ने रविवार को समय पर विधानसभा चुनाव कराने का पक्ष लिया। पार्टी ने कहा विलंब अलगाववादियों के सामने समर्पण माना जाएगा।
पार्टी के महासचिव अरुण जेटली ने यहाँ कहा जम्मू-कश्मीर में चुनाव समय पर होना चाहिए। उन्होंने कहा सोमवार को नई दिल्ली में आयोग की बैठक में भाजपा अपने रुख को रखेगी।
जेटली ने कहा समय पर चुनाव कश्मीर के लिए अच्छा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस न केवल जम्मू-कश्मीर में, बल्कि पूरे देश में चुनाव स्थगित करवाना चाहती है।
जम्मू-कश्मीर के प्रभारी जेटली ने भाजपा नेतृत्व के एक दिवसयीय सम्मेलन के दौरान कहा जम्मू तो पहले ही शांत था कश्मीर भी पटरी पर लौट रहा है। उन्होंने कहा कश्मीर में राजनीतिक गतिविधियों को बढ़ाने की जरूरत है, जो सिकुड़े राजनीतिक पटल को विस्तार देगा।
जम्मू-कश्मीर में विधानसभा सीटों के ताजा सीमांकन के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा हम जम्मू के साथ भेदभाव मिटाने के लिए सीमांकन चाहते हैं। हालाँकि सीमांकन के लिए हम चुनाव में देरी नहीं चाहते। यह बाद में भी हो सकता है।
|