-वेबदुनिया डेस्क राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और फिल्मकार मधुर भंडारकर ने शनिवार को पुरस्कार में मिली राशि महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के उन तीन परिवारों की विधवा महिलाओं को दे दी, जिनके किसान पतियों ने आत्महत्या कर ली थी। इन कर्जदार किसानों ने कर्ज न चु्काने की स्थिति में आकर खुदकुशी कर ली थी। उल्लेखनीय है कि इन तीनों ही परिवारों को सरकार की ओर से भी कोई मदद नहीं दी गई थी।
बुल्ढाना के काशीनाथ वाघमारे, यवतमाल जिले के श्यामराव कन्नाके और उनके बेटे विनोद तथा प्रकाश डारने ने आत्महत्या कर ली थी। इनके परिजनों को भंडारकर एक-एक लाख रुपए देंगे। हाल ही में, नई दिल्ली में आयोजित 54 वें वार्षिक राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में भंडारकर को उनकी फिल्म 'ट्राफिक सिग्नल' के लिए स्वर्ण कमल पुरस्कार और ढाई लाख रुपए नकद मिले थे।
इस बारे में मधुर का कहना है कि जब उन्होंने अखबारों में विदर्भ में हजारों किसानों की आत्महत्याओं के बारे में पढ़ा तो उन्होंने किसानों के बारे में कुछ करने का फैसला किया था। जब उन्हें पुरस्कार मिला तो उन्होंने पुरस्कार की राशि पीड़ित लोगों को देने का फैसला किया। हालाँकि वे यह भी मानते हैं कि उनकी ओर से यह बहुत छोटा-सा योगदान है।
|