पुलिस गोलीबारी में एक युवक की मौत के बाद सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प होने से कश्मीर घाटी में फिर तनाव बढ़ गया।
अधिकारियों ने बताया श्रीनगर में पुलिस ने पथराव कर रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आँसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यहाँ भारी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ जवानों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा नगर के बीचोबीच माइसुमा, रेडक्रॉस, कोकर बाजार, मदीना चौक और नई सड़क तथा आसपास के इलाकों में झड़पों में कोई घायल नहीं हुआ।
आत्मनिर्णय के अधिकार की माँग के समर्थन में अलगाववादियों की आम हड़ताल के दौरान शनिवार को नगर के नौहट्टा इलाके में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में रबर की गोली लगने से एक युवक जावेद इकबाल की मौत हो गई थी।
अलगाववादियों की समन्वय समिति ने लोगों को रविवार से सामान्य कामकाज शुरू करने को कहा है, लेकिन युवक की मौत का विरोध कर रहे लोगों ने दुकानें एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान को बंद करा दिया। नौहट्टा सहित नगर के कई इलाकों में आम जीवन ठप रहा और युवकों के झुंड नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतर आए।
अधिकारियों ने बताया नौहट्टा और राजौरी कदल सहित कुछ स्थानों पर पथराव की मामूली घटनाएँ हुईं। कुल मिलाकर स्थिति शांतिपूर्ण है, मगर तनाव कायम है। पुलिस के एक अधिकारी ने नगर के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगाए जाने की खबरों का खंडन करते हुए कहा कि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।
अधिकारी ने बताया पुलिस और अर्धसैनिक बलों को निर्देश दिया गया है कि वे निषेधाज्ञा का सख्ती से पालन कराएँ, जिसमें पाँच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक है। अनंतनाग में सैंकड़ों लोगों ने सुरक्षाबलों पर सख्ती करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
|