पूर्व मिस इंडिया तनुश्री दत्ता ने कहा है कि वह बेहतर फिल्मों में काम करना चाहती हैं और बॉलीवुड में बतौर अभिनेत्री मान्यता पाना चाहती हैं। बॉलीवुड में आने के बाद उनका बॉक्स आफिस पर प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है।
तनुश्री ने बताया कि मैं पर्दे पर और अधिक दिखना चाहती हूँ, लेकिन हाल में पर्दे से मेरी दूरी काफी लंबी हो गई। इस साल मैं अपनी रिलीज होने वाली फिल्म 'सास-बहू और सेंसेक्स' और 'रामा द सेवियर' से मान्यता पाने की उम्मीद कर रही हूँ।
वर्ष 2004 में मिस इंडिया का ताज पहनने वाली अभिनेत्री ने बताया कि मैं चाहती हूँ कि बतौर अभिनेत्री मुझे गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने 19 सितंबर को रिलीज होने वाली फिल्म सास बहू और सेंसेक्स के बारे में बताया कि यह एक शहरी कॉमेडी है और आधुनिक भारतीय समाज को दिखाया गया है। पूर्व मिस इंडिया ने कहा कि इस फिल्म में मेरी भूमिका एक साधारण लड़की की है। फिल्म में किरण खेर ने मेरी माँ का किरदार निभाया है। फिल्म की महिलाएँ सास-बहू की कथा से स्टॉक मार्केट का रुख कर लेती हैं। फिल्म में कई किरदार हैं, जो पटकथा में पूरी तरह से योगदान देते हैं। अपनी भूमिका पसंद आने के बाद ही मैंने इस फिल्म में काम करना स्वीकार किया था।
उन्होंने कहा कि फिल्म का निर्देशन शोना उर्वशी ने किया है। फिल्म आम लोगों की जिंदगी से जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि उनकी अगली फिल्म 'रामा द सेवियर' एक एक्शन फिल्म है। तनुश्री ने कहा कि वह सभी तरह के फिल्मों में काम करना चाहती हैं।
|