मुख पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक > सिमी ने रची थी सूरत की साजिश
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
सिमी ने रची थी सूरत की साजिश
अबू बशर है षड्‍यंत्र का मास्टर माइंड
डायमंड सिटी सूरत के विभिन्न स्थानों पर 25 बम रखने में कथित तौर पर प्रमुख भूमिका निभाने वाले दो लोगों की गिरफ्तारी के बाद सूरत पुलिस ने मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

सूरत के पुलिस आयुक्त आरएमएस बरार ने कहा कि हमने तनवीर पठान और जहीर पटेल नामक दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने बाहर से आकर शहर में बम रखने वालों को इस कार्य में मदद करने में प्रमुख भूमिका निभाई थी। पठान और पटेल की गिरफ्तारी अहमदाबाद विस्फोटों के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए लोगों द्वारा दिए गए बयान के आधार पर की गई हैं।

गुजरात के पुलिस महानिदेशक पीसी पांडेय ने बताया कि अहमदाबाद के विस्फोटों के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए मुफ्ती अबू बशर, साजिद मंसूरी, यूनुस मंसूरी और शमसुद्‍दीन सूरत में भी बम रखने के मामले में सीधे जुड़े हुए थे। ये सभी सिमी से ताल्लुक रखते हैं।

पांडेय ने कहा कि सूरत में रखे गए बम भी अहमदाबाद में प्रयुक्त बमों की तरह जानलेवा थे, लेकिन त्रुटिपूर्ण मैकेनिज्म के कारण ये फटे नहीं। पांडेय ने कहा कि उन्होंने पूछताछ के लिए कई लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों से पूछताछ की जा रही है और इस चरण में हम और अधिक जानकारी नहीं दे सकते। पुलिस आयुक्त बरार ने कहा कि बाहर से आकर शहर में 26 जुलाई को बम रखने वालों ने शहर छोड़ दिया था।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 2001 में प्रतिबंधित सिमी के भूमिगत होने वाले सक्रिय कार्यकर्ता ही अहमदाबाद विस्फोटों और सूरत में बम रखने में संलिप्त थे। गोधरा के दंगों के बारे में पूछे जाने पर पांडेय ने कहा कि आतंकवादी हमलों के पीछे केवल एक ही मकसद नहीं हो सकता। समय-समय पर देश के विभिन्न भागों में विस्फोट करने के लिए यह उनकी योजना का यह एक हिस्सा हो सकता है।

क्यों नहीं फटे बम?
आखिर सूरत में लगाए गए 25 बम फटे क्यों नहीं? इस सवाल का खुलासा करते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के निदेशक जीएम व्यास ने बताया कि कुछ तकनीकी खामियों की वजह से बम नहीं फटे।

उन्होंने बताया कि बमों में लगाई गई बैटरी तो ठीक थी, परंतु उसके सर्किट खराब थे। खराब सर्किट के कारण डिवाइस को पर्याप्त करंट नहीं मिला और इसी के कारण बमों में धमाका नहीं हो सका। व्यास ने कहा कि जब उन्होंने सही तरीके से रखकर अपनी प्रयोगशाला में परीक्षण किया तो उनमें विस्फोट हुआ।
और भी
कंधमाल में गोली मारने का आदेश
माचिल सेक्टर में भीषण मुठभेड़ जारी
चरित्र को यादगार बनाता है अभिनेता
बड़ी रकम जीतना चाहते हैं सेलिब्रिटी-सलमान
कश्मीर के दो जिलों में कर्फ्यू में ढील
हनुमान की सबसे बड़ी प्रतिमा राउरकेला में