प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने मंगलवार को असम के लिए एक राहत पैकेज की घोषणा की जिसमें विशेषकर शिक्षा क्षेत्र पर ध्यान दिया गया है। पैकेज में राज्य में विश्व स्तरीय शिक्षण संस्थान बनाने के अनेक प्रस्ताव शामिल हैं।
प्रधानमंत्री के इस पैकेज में असम में एक विश्व स्तरीय विश्वविद्यालय पेट्रोलियम टेक्नालाजी पर आधारित एक संस्थान तथा एक नेशनल डिजाइन इंस्टीट्यूट की स्थापना शामिल है।
इसके तहत केंद्र राज्य दक्षता विकास मिशन की स्थापना में राज्य सकरार की मदद करेगा। इस मिशन का उद्देश्य असम के युवाओं में रोजगार तथा दक्षता विकास को प्रोत्साहित करना है।
राज्य की यात्रा पर सोमवार को यहाँ पहुँचे सिंह ने राज्य के विकास सुरक्षा तथा कल्याण से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री तरुण गोगोई तथा मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के साथ चर्चा की।
सिंह के पैकेज में राज्य के हर विकासखंड में मॉडल स्कूल स्थापित करना शामिल है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार राज्य में राजीव गाँधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान स्थापित करने में मदद करेगी।
पूर्वोत्तर औद्योगिक निवेश संवर्धन नीति को उचित रूप से चुस्त-दुरुस्त किया जाएगा ताकि क्षेत्र में निवेश बढ़ाया जा सके। केंद्र सरकार असम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, लॉ स्कूल तथा विधि अकादमी स्थापित करने में राज्य सरकार की मदद करेगी।
|