अमरनाथ भूमि विवाद पर बुधवार को होने वाली व्यापक रैली के पहले शहर में छाए तनाव के बीच जम्मू क्षेत्र में हिंसा का दौरा थमने का नाम नहीं ले रहा तथा मंगलवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच ताजा झडपों में पाँच लोग घायल हो गए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शहर के बीचोबीच स्थित पुरानी मंडी और परेड इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया तथा उत्तेजित भीड़ को शांत करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इसमें पाँच लोग घायल हो गए।
प्रदर्शनकारी राज्यपाल एनएन वोहरा और उन पुलिस अधिकारियों को हटाने की माँग कर रहे थे, जो निर्दोष प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार हैं। प्रदर्शनकारियों ने टायर और राजनीतिक नेताओं के पुतले फूँककर अपना विरोध जताया। क्षेत्र के सांबा, उधमपुर और रियासी में भी विरोध प्रदर्शन हुए। जम्मू में कल होने वाली व्यापक रैली से पहले शहर में आज तनाव बना रहा। माना जा रहा है कि अमरनाथ मुद्दे पर आंदोलन का नेतृत्व कर रही अमरनाथ संघर्ष समिति कल की रैली के जरिए अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेगी।
मुद्दे पर आदोलन शुरू होने के बाद आज 59वें दिन पूरे जम्मू क्षेत्र में सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा जबकि पुंछ जिले के देलारा गाँव में दो मकानों को फूँक दिया गया।
|