तेलुगू फिल्मों के सुपरस्टार चिरंजीवी ने मंगलवार को भारी संख्या में अपने चाहने वालों और समर्थकों की उपस्थिति में फिल्मी अंदाज में अपनी राजनीतिक पार्टी 'प्रजा राज्यम' शुरू की।
उन्होंने लोगों को सामाजिक न्याय दिलाने और भ्रष्टाचार उन्मूलन के एजेंडे पर काम करने का वादा किया। लंबे समय से प्रतीक्षित अपनी पार्टी शुरू करने की घोषणा के बाद उन्होंने मंदिरों के शहर में एक लंबा भाषण किया और एकत्रित हुए लोगों से छोटा-सा संवाद भी किया। उनकी घोषणा के तुरंत बाद मंच के पीछे बने एक बड़े पर्दे पर छोटा-सा गीत बजा और एक वीडियो चला, जिसका अभिवादन लोगों ने तालियाँ बजाकर किया।
तिरेपन वर्षीय इस अभिनेता ने आज विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी के दृष्टिकोण को रखा और पार्टी के झंडे को फहराया। एक घंटे से भी अधिक चले अपने भाषण में इस मेगास्टार ने अलग तेलंगाना राज्य की माँग, नक्सलवाद और अनुसूचित जातियों से संबंधित कई विवादास्पद मुददे उठाए।
चिरंजीवी ने कहा कि इन मुददों का वैज्ञानिक मूल्यांकन कर सामूहिक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन विवादास्पद मुद्दों पर वे जल्दबाजी में निर्णय नहीं लेंगे। विशेषज्ञ लोगों से विचार विमर्श किया जाएगा और सामूहिक निर्णय लिया जाएगा। पद्मभूषण से सम्मानित चिरंजीवी ने 148 से भी अधिक फिल्मों में काम किया है। पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की प्रेरणा से उन्होंने राजनीति में हाथ आजमाने का निर्णय लिया और राजनीति में बदलाव लाने के प्रति संकल्पित हैं।
कांग्रेस निश्चिंत : कांग्रेस ने दावा किया कि नए दल 'प्रजा राज्यम' का उसकी संभावनाओं पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष वीरप्पा मोइली ने कहा कि चिरंजीवी के दल का जो भी असर होगा वह तेलुगू देशम पर ही पड़ेगा, कांग्रेस पर नहीं। मोइली ने कहा कि अभी से ही नेताओं द्वारा तेलुगू देशम छोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और अभी तक उसके छह प्रमुख नेता अपनी पार्टी को छोड़ चुके हैं। मीडिया विभाग के अध्यक्ष ने कहा कि इसके विपरीत हाल के दिनों में सिर्फ एक ही सांसद ने कांग्रेस को छोड़ा है।
|