शहर में 26 जुलाई को हुए सिलसिलेवार बम धमाकों के एक महीने बाद गुजरात पुलिस ने मंगलवार को दावा किया कि उसने मामले को पूरी तरह सुलझा लिया है। पुलिस उपायुक्त आशीष भाटिया ने कहा कि श्रृंखलाबद्ध बम धमाका मामले को पूरी तरह सुलझा लिया गया है। साजिश रचने और बम धमाकों को अंजाम देने में जिनका हाथ था वे अब हमारे कब्जे में हैं। जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उसमें हमें पता है कि किसने विस्फोटक प्राप्त किया, किसने बम बनाया और किसने उसे अहमदाबाद तथा सूरत में रखा। भाटिया धमाकों की जाँच कर रहे दल के प्रमुख भी हैं। सिलसिलेवार बम धमाकों की जाँच कर रही शहर की अपराध शाखा ने मुख्य साजिशकर्ता अबू बशीर समेत 10 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सिमी प्रमुख सफदर नागोरी और चार अन्य लोगों को पूछताछ के लिए मध्यप्रदेश से यहाँ लाई है।
भाटिया ने कहा कि हमें अभी कंप्यूटर विशेषज्ञ अब्दुल सुभान उर्फ तौफीक को गिरफ्तार करना है। उसकी गिरफ्तारी से ई-मेल का मुद्दा सुलझ जाएगा। धमाकों में शामिल और सूरत में बम रखने के लिए जिम्मेदार अन्य लोगों को अभी गिरफ्तार किया जाना बाकी है।
|