बिहार के नक्सल प्रभावित गया जिले के बांकेबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के सदस्यों के बीच सोमवार को हुई मुठभेड़ में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक हवलदार की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य जवान घायल हो गए हैं।
घटनास्थल पर डेरा डाले पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) एसके भारद्वाज ने बताया कि बाँके बाजार पुलिस थाना अंतर्गत पत्थर लुटवा गाँव के समीप पुलिस और भाकपा माओवादियों के बीच सोमवार शाम हुई मुठभेड़ में लापता केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के हवलदार डीपी सिंह का शव आज पुलिस ने सघन तलाशी के दौरान घटना स्थल क्षेत्र से बरामद कर लिया।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के बाद से लापता एक अन्य सीआरपीएफ के अपर निरीक्षक बीके चौबे और बिहार पुलिस के विशेष कार्य बल के जवान उत्तम कुमार नामक को भी आज सुबह पुलिस ने पास के जंगल के इलाके से ढूँढ निकाला।
भारद्वाज ने बताया कि बीके चौबे और उनके हथियार सुरक्षित हैं, जबकि उत्तम कुमार के हाथ में गोली लगी और उनका हथियार नक्सली ले भागे हैं। उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए दो अन्य आरक्षी महिपालसिंह और आरके शाही को इलाज के लिए गया स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जो अब खतरे से बाहर हैं।
|