पश्चिम बंगाल सरकार ने मंगलवार को विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस की टाटा मोटर्स के नैनो परियोजना स्थल की 400 एकड़ भूमि वापस करने की माँग यह कहते हुए ठुकरा दी कि इससे राज्य में विश्व की सबसे सस्ती कार बनाने की योजना रद्द होगी।
तेजतर्रार नेता ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस ने 24 अगस्त से टाटा मोटर्स संयंत्र का घेराव कर रखा है और माँग की है कि कल-पुर्जा इकाइयों को दूसरे स्थान पर बनाया जाए। साथ ही उक्त इकाइयों के लिए सुनिश्चित 400 एकड़ भूमि किसानों को वापस लौटाई जाए, जिन्हें कथित तौर पर अपनी जमीन देने के लिए मजबूर किया गया।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने ऐसोचैम के साथ हुए एक वार्ता सत्र में कहा कि मैं 400 एकड़ भूमि वापस नहीं कर सकता। यदि जमीन वापस करनी पड़ी तो टाटा मोटर्स परियोजना भी रद्द करनी पड़ेगी। मैं ऐसा होने देने की अनुमति नहीं दे सकता। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जमीन वापस करना कानूनी तौर पर भी संभव नहीं है।
बंद पर चुप नहीं रहूँगा : बुद्धदेव भट्टाचार्य ने कहा कि वह अगली बार बंद के आह्वान पर चुप नहीं बैठेंगे चाहे यह उनकी पार्टी का ही आह्वान क्यों न हो। भट्टाचार्य ने नैनो प्रोजेक्ट सहित विभिन्न मसलों पर प्रश्नों के जवाब दिए।
उन्होंने कहा कि वह बंद का विरोध करते हैं, वह नहीं सोचते कि यह राज्य के लिए ठीक है। उन्होंने कहा कि मैं बंद का समर्थन नहीं करता हूँ। व्यक्तिगत रूप से यदि आप मुझसे पूछे तो मैं समझता हूँ कि यह हमारी मदद नहीं करता।
|