मुंबई की अपराध शाखा ने मंगलवार को बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के पूर्व सचिव प्रकाश जाजू को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया। जाजू पर प्रियंका को धमकी भरे और अश्लील संदेश भेजने का आरोप है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) देवेन भारती ने कहा कि जाजू की हम दो वर्ष से तलाश में थे और उसे आज मध्यप्रदेश के महू से गिरफ्तार किया गया। उसने प्रियंका चोपड़ा को यह धमकी दी थी कि अगर उसे नौकरी पर दोबारा नहीं रखा गया तो इसके नतीजे गंभीर होंगे।
आर्थिक अनियिमितताओं के चलते प्रियंका द्वारा नौकरी से निकाले जाने के बाद जाजू पर उन्हें धमकी भरे भद्दे और अश्लील संदेश भेजने का आरोप है।
जाजू जून 2002 से जुलाई 2004 तक प्रियंका का सचिव था। प्रियंका ने पाया कि जाजू उनके ज्यादा नजदीक आने की कोशिश कर रहा है। प्रियंका ने यह महसूस किया कि उसने किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत बंद करने की माँग को लेकर उन्हें भद्दे और धमकी भरे एसएमएस भेजने भी शुरू कर दिए।
जाजू ने कथित तौर पर प्रियंका को धमकी दी थी कि अगर वह उनसे विवाह नहीं करती हैं, तो वह उन्हें निजी तौर पर और उनके पेशे में नुकसान पहुँचाएगा।
जाजू ने प्रियंका के बैंक खाते से कथित रूप से ओवरड्राफ्ट लिया और फिल्म 'प्लान' के लिये निर्माता संजय गुप्ता से 10 लाख रुपए लिए और इस बारे में प्रियंका को सूचित भी नहीं किया। मध्यप्रदेश से लाये जाने के बाद जाजू को मुंबई की अदालत में पेश किया जाएगा।
|