उत्तरप्रदेश विधान मंडल के दोनों सदनों में बुधवार को प्रतिपक्षी दलों ने राज्य में प्रतिबंधित संगठन सिमी एवं अन्य आतंकवादी संगठनों की गहराती जड़ों पर चिंता जताते हुए इन पर नियंत्रण के लिए विशेष बल के गठन की माँग की। सरकार ने इस दिशा में हुए उपायों के ब्योरे के साथ ऐसी ताकतों से निपटने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
भाजपा विधानमंडल दल के नेता ओमप्रकाशसिंह ने शून्य प्रहर के दौरान कार्यस्थगन के माध्यम से इस मुद्दे पर चर्चा की माँग करते हुए कहा देश के विभिन्न भागों में हाल में हुई अनेक आतंकवादी घटनाओं की जड़ें हर बार किसी न किसी रूप से उत्तरप्रदेश से जुड़ी पाई गई हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि राज्य आतंकवादी संगठनों की शरणस्थली बन गया है। सिंह ने कहा 'सिमी' 'इंडियन मुजाहिदीन' और हूजी की जड़ें प्रदेश के 34 जिलों में फैल चुकी हैं।
उन्होंने आतंकवाद से सख्ती से निपटने की आवश्यकता जताते हुए कहा प्रतिबंध के बावजूद राज्य में सिमी का यह फैलाव खतरनाक है और उस पर नियत्रंण के लिए विशेष बल का गठन होना चाहिए। सिंह ने कहा आतंकवाद एवं आतंकवादियों का अल्पसंख्यक तबके से कोई संबंध नहीं है, क्योंकि इनका कोई धर्म या मजहब नहीं होता।
|