मुख पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक > पासवान ने फिर की सिमी की पैरवी
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
पासवान ने फिर की सिमी की पैरवी
आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की माँग
सिमी के बचाव में आते हुए लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख रामविलास पासवान ने मंगलवार को कहा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठनों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह सुविधा की राजनीति कर रही हैं।

पासवान ने कहा भाजपा की मान्यता समाप्त की जाना चाहिए। यह पार्टी धर्म के मुद्दे पर देश को बाँटने पर तुली है। उन्होंने कहा सिमी के खिलाफ अब तक कोई भी आरोप साबित नहीं हुआ है और मामले अदालत में विचाराधीन हैं।

अमरनाथ मुद्दे पर पासवान ने कहा अमरनाथ यात्रा हिंदुओं और मुस्लिमों के बीच एकता तथा भाईचारे का प्रतीक रही है। भाजपा इस पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कश्मीर घाटी में बीते 60 वर्ष में पाकिस्तानी झंडा नहीं फहराया गया। भाजपा की देश को बाँटने की कोशिश के कारण दो महीने में ही ऐसा हो गया।

पासवान से मुलाकात करने पहुँचे समाजवादी पार्टी के महासचिव अमरसिंह ने कहा भाजपा के लोग कभी रामसेतु तो कभी अमरनाथ भूमि मुद्दे पर राजनीति करते हैं। वे कभी गणेश को दूध भी पिलाते हैं। अमरसिंह ने आरोप लगाया राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अफवाहों की फैक्टरी है।

अमर सिंह ने भी सिमी का बचाव करते हुए कहा आजमगढ़ जहाँ से सिमी के अबुल बशर को गिरफ्तार किया गया, कैफी आजमी, अयोध्यासिंह उपाध्याय 'हरिऔध', राहुल सांकृत्यायन और मेरी भूमि रही है, लेकिन उसे अबू सलेम और दाउद इब्राहिम से जोड़कर बदनाम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा सिमी के खिलाफ आज तक कोई प्रमाण नहीं मिला। आजमगढ़ से जिस लड़के को उठाया गया, मेरी सूचना के हिसाब से उसकी छवि ऐसी नहीं थी।

उन्होंने कहा सोची-समझी साजिश के तहत देश को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। ग्रेटर नोएडा में किसानों के मुआवजे के मुद्दे आज लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद रामचंद्र पासवान के नेतृत्व में पार्टी के करीब 1000 कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियाँ दीं।

केंद्रीय इस्पात उर्वरक तथा रसायन मंत्री रामविलास पासवान ने इस मुद्दे पर कहा कि समाजवादी पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी और कांग्रेस मिलकर इस मुद्दे को उठाएँगे तथा किसानों पर अत्याचार के खिलाफ बंद का आह्वान किया जाएगा।

वापस अमरनाथ मुद्दे पर लौटते हुए उन्होंने कहा देश में समाज विरोधी तत्वों के लिए जगह नहीं है। 90 फीसदी जनता अब भी धर्मनिरपेक्ष है। हम चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कहेंगे कि भाजपा पर प्रतिबंध लगाया जाए।

उन्होंने कहा लोकसभा में विश्वास मत के दौरान सरकार की जीत को पचा नहीं पा रही भाजपा सुविधा की राजनीति कर रही है।
और भी
इंदौर से सिमी का कार्यकर्ता गिरफ्तार
दुनिया के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति का निधन
पूर्व सांसद चिरंजीवी की पार्टी में
नकली नोटों के धंधे में सिद्धार्थनगर एसपी!
महबूबा मुफ्ती की आडवाणी से गुजारिश
अबू बशर ने कबूला गुनाह