मुख पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक > इंदौर से सिमी का कार्यकर्ता गिरफ्तार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
इंदौर से सिमी का कार्यकर्ता गिरफ्तार
देश को दहला देने वाले अहमदाबाद धमाकों में सिमी की भूमिका के भंडाफोड़ के बाद इंदौर से प्रतिबंधित संगठन के एक सक्रिय कार्यकर्ता को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

उच्च पदस्थ पुलिस सूत्रों ने कहा यह कार्रवाई गुजरात पुलिस की सूचना पर की गई। सूत्रों ने कहा गुजरात पुलिस के मुताबिक अहमदाबाद धमाकों का मास्टरमाइंड माना जा रहा अबू बशर वर्ष 2007 में इंदौर आया था। उस वक्त बशीर ने अमान रजा से भी मुलाकात की थी।

सूत्रों ने कहा मूलतः इंदौर से ताल्लुक रखने वाला रजा सिमी का सक्रिय कार्यकर्ता है और शहर में संगठन का जाल फैलाने से लेकर इसके लिए चंदा जुटाने तक में इसकी अहम भूमिका रही है।

सूत्रों के मुताबिक सिमी सरगना सफदर हुसैन नागौरी समेत संगठन के तेरह आला ओहदेदारों को 27 मार्च को इंदौर से पकड़ा गया था। रजा इन्हें जमानत पर छुडाने के लिए वकीलों से संपर्क भी करता रहा है। हालाँकि अहमदाबाद धमाकों के बारे में उसकी सीधी भूमिका अभी साफ नहीं है। उससे इस संबंध में कड़ी पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों ने कहा रजा को विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए धर दबोचा गया है। उसे 20 अगस्त को अदालत में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि गुजरात पुलिस ने 16 अगस्त को नौ लोगों की गिरफ्तारी के बाद अहम खुलासा किया कि अहमदाबाद के सिलसिलेवार विस्फोटों को सिमी के नेटवर्क के जरिए अंजाम दिया गया। साथ ही इन धमाकों के लिए विस्फोटकों का जखीरा मध्यप्रदेश को भेजा गया।

गुजरात पुलिस के मुताबिक सिमी सरगना नागौरी ने हालोल के जंगलों में संगठन के लड़ाकों को प्रशिक्षित किया था। मूलतः मध्यप्रदेश से ताल्लुक रखने वाले को नागौरी फिलहाल प्रदेश के रीवा जेल में बंद है।

सूत्रों के मुताबिक मध्यप्रदेश पुलिस का एक दल फिलहाल गुजरात में है। वहाँ से प्रदेश में सिमी के नेटवर्क और इसकी अहमदाबाद धमाकों में भूमिका के बारे में ज्यादा जानकारी मिल सकती है।
और भी
दुनिया के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति का निधन
पूर्व सांसद चिरंजीवी की पार्टी में
नकली नोटों के धंधे में सिद्धार्थनगर एसपी!
महबूबा मुफ्ती की आडवाणी से गुजारिश
अबू बशर ने कबूला गुनाह
नागौरी से पूछताछ करेगी गुजरात पुलिस