गुजरात की वडोदरा पुलिस ने अहमदाबाद श्रृंखलाबद्ध बमकांड के आरोपी इमरान इब्राहिम शेख का वडोदरा स्थित फ्लैट मंगलवार को सील कर दिया।
इस फ्लैट में कथित रूप से स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) कार्यकर्ताओं को 26 जुलाई के बमकांड से पूर्व शरण दी गई थी। फ्लैट बोमनपुरा इलाके में स्थित चार मंजिला अकमल काम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर स्थित है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बमकांड के एक और प्रमुख आरोपी अब्दुल सुभान उर्फ तौफीक बमकांड से चार दिन पूर्व इस फ्लैट में रहा था। सूत्रों के अनुसार यहीं से बम वगैरह बनाने में सिमी कार्यकर्ताओं की मदद की गई थी। अब फ्लैट की निगरानी गुजरात प्रदेश आरक्षी पुलिस के जवान कर रहे हैं। बमकांड की जाँच कर रही अहमदाबाद पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञ फ्लैट की तलाशी लेंगे।
इमरान को हाल ही में गिरफ्तार किया गया था। इस बीच पुलिस ने मोहम्मद उमर अब्दुल गनी कुरैशी नाम के शख्स को सिमी नेता साजिद मसूरी को 2005 में अपना फ्लैट किराए पर देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। कुरैशी को भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत गिरफ्तार किया गया है, जिसके तहत मकान मालिक को किराएदार की जानकारी पुलिस को देना जरूरी है।
मंसूरी को अहमदाबाद बम धमाकों से पंद्रह दिन पूर्व भरूच से गिरफ्तार किया गया था। अहमदाबाद में विस्फोट कराने और सूरत में बम रखवाने की साजिश में प्रमुख भूमिका निभाने वाला मंसूरी इसी वर्ष अप्रैल में भरूच जाने से पहले वह चार वर्ष वडोदरा में रहा था।
|