लोकसभा में विश्वास के मत के दौरान सांसदों द्वारा रिश्वत की राशि लहराने को लेकर प्रदेश कांगेस द्वारा भाजपा को जिम्मेदार ठहराने संबंधी कांगेस के मुख्य प्रवक्ता माणक अग्रवाल के बयान को हास्यास्पद निराधार और शरारतपूर्ण बताते हुए मध्यप्रदेश भाजपा ने सांसदों की खरीद-फरोख्त के लिए प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह और सपा महासचिव अमरसिंह का नार्को टेस्ट कराए जाने की माँग की है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विजेन्द्रसिंह सिसोदिया ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि माणक अग्रवाल लेखक सलीम-जावेद के सपने बुनकर दस जनपथ की आँखों का तारा बनने के लिए कांगेस की बची-खुची विश्वसनीयता की भी धज्जियाँ उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसदों की रिश्वत कांड की सीडी लोकसभा अध्यक्ष को सौंपी जा चुकी है और जब लोकसभा अध्यक्ष इसकी जाँच कर रहे हैं। ऐसे में कांगेस प्रवक्ता द्वारा की जा रही बयानबाजी और मिथ्या दोषारोपण उनके मानसिक दिवालियापन को ही प्रमाणित करते हैं।
|