भारतीय सिलिकॉन वैली बेंगलुरु में विस्फोटों की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि गुजरात का प्रमुख शहर अहमदाबाद शनिवार देर शाम 17 सिलसिलेवार बम धमाकों से थर्रा उठा। ये धमाके शहर के भीड़भाड़ वाले बाजार इलाके में हुए। हमले में 38 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 150 लोग घायल हो गए।
यहाँ हुए विस्फोट : कम तीव्रता वाले ये विस्फोट मणिनगर, ईशनपुर, नारोल सर्किल, ठक्कर बाप्पा नगर, बापूनगर, हाटकेश्वर, सारंगपुर ब्रिज, सरखेज, ओढव, जुहापुरा, सरदार पटेल चौक, संगम टॉकीज, खोड़ियार मंदिर, रायपुर, गोविंदवाणी, जवाहर चौक और एलजी अस्पताल के ट्रामा सेंटर इलाके में हुए। अकेले ट्रामा सेंटर में ही आठ लोगों की मौत हो गई। विस्फोटों से पहले इंडियन मुजाहिद्दीन नामक एक आतंकी संगठन ने शहर में विस्फोट करने की धमकी दी थी।
मणिनगर में दो धमाके हुए। पहला धमाका इस इलाके में शाम पौने सात बजे हुआ। दूसरा धमाका मणिनगर स्थित एलजी अस्पताल के पास हुआ। गौरतलब है कि मणिनगर मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का निर्वाचन क्षेत्र है। पुलिस के मुताबिक विस्फोटों में घायलों में कुछ गंभीर हैं। घायलों को सिविल और एलजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी डॉक्टरों की रविवार की छुट्टी रद्द कर दी गई है।
संवेदनशील सरखेज इलाके में धमाका सीएनजी की एक बस में हुआ। माना जा रहा है कि कुछ बम साइकिलों में लगाए गए थे जैसा 13 मई को जयपुर में सिलसिलेवार विस्फोटों में किया गया था, तब 65 लोग मारे गए थे। कुछ बम टिफिन बॉक्सों में रखे बताए गए हैं। टिफिन बाक्सों का इस्तेमाल पिछले साल लखनऊ में एक अदालत के बाहर विस्फोट में किया गया था। जानकारी के मुताबिक बम विस्फोटों में जिलेटिन की छके साथ अमोनियम नाईट्रेट का इस्तेमाल किया गया।
मृतकों के परिवार को पाँच लाख : बम विस्फोटों के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह कृत्य मानवता के खिलाफ एक दुश्मनी का रूप है। इन घटनाओं के पीछे कोई भी मास्टर माइंड ग्रुप या देश है। राज्य सरकार दोषियों को खोजने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। आतंकियों के मंसूबे कभी भी सफल नहीं होंगे।
उन्होंने मृतकों के परिवारों को पाँच-पाँच लाख और घायलों को पचास-पचास हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा घायलों के इलाज का सारा खर्च भी राज्य सरकार ही उठाएगी।
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने की निंदा: राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल और प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने विस्फोटों की निंदा करते हुए शांति बनाए रखने को कहा है। प्रधानमंत्री ने विस्फोट में मृत लोगों के परिजनों को एक-एक लाख व घायलों को पाँच-पाँच हजार रुपए देने की घोषणा की है।
माकपा ने धमाकों को निंदनीय बताया : मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी ने अहमदाबाद में शनिवार को हुए सिलसिलेवार धमाकों की निंदा करते हुए देश को अस्थिर करने तथा सांप्रदायिक वैमनस्य पैदा करने की साजिश करार दिया।
पार्टी पोलित ब्यूरो ने यहाँ कहा जयपुर और बेंगलुरु में हाल के विस्फोटों से यह साफ है कि यह देश को अस्थिर करने तथा सांप्रदायिक वैमनस्य पैदा करने की साजिश है।
सिलसिलेवार धमाके में हताहत हुए लोगों के प्रति सहानुभूति जताते हुए पार्टी ने कहा लगातार इस तरह के हमलों के बावजूद यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार और खुफिया एजेंसियाँ इस घृणित अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने में नाकाम साबित हुई हैं।
बम बरामद : प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात अहमदाबाद-कलोल हाईवे पर एक टेक्सटाइल मिल के पास जिंदा बम बरामद हुआ है। इसके विस्फोट के लिए 12 बजे का टाइम सेट किया हुआ था।
श्रृंखलाबद्ध विस्फोटों से बेंगलुरु थर्राया जयपुर में विस्फोट, 67 मरे
|