एक बड़ी हवाई दुर्घटना को उस समय टाल दिया गया जब दिल्ली हवाई अड्डा से उड़ान भरने वाले जेट एयरवेज के एक विमान का पिछला दरवाजा सही तरीके के बंद नहीं होने के कारण एहतियात के तौर पर विमान को वापस हवाई अड्डा पर उतार लिया गया।
इस विमान में केन्द्रीय मंत्री शरद पवार सवार थे। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने दिल्ली मुंबई विमान-9 डब्ल्यू 362 के चालक दल के कम से कम दो सदस्यों को निलंबित कर दिया।
बोइंग 737 विमान के शुक्रवार शाम 5 बजकर 25 मिनट पर उड़ान भरने के बाद करीब 5 हजार मीटर की ऊँचाई पर पहुँचने के बाद विमान के पिछले हिस्से में मौजूद चालक दल के सदस्यों ने पायलट को सूचित किया कि उन्हें कुछ आवाज सुनाई पड़ रही है तथा दरवाजे के कोनों से आकाश दिख रहा है।
इसके बाद विमान के कमांडर ने दिल्ली यातायात नियत्रंक को शीध्र ही आपातस्थिति की सूचना दी। जिसके बाद उन्हें सुरक्षित विमान उतारने के लिए हवा में ही पूरा ईंधन खत्म करने का निर्देश दिया गया। सूत्रों ने बताया कि डीजीसीए ने प्रारंभिक जाँच में पाया कि चालक दल ने सही तरीके से विमान का दरवाजा बंद नहीं किया था।
|