बॉलीवुड निर्देशक राजकुमार संतोषी को एक गैंगस्टर से धमकी मिलने के बाद पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई गई है। पुलिस के अनुसार संतोषी को कथित रूप से एजाज लकड़ावाला ने धमकी दी थी और 5 करोड़ रुपए की माँग की थी।
घायल, दामिनी और हल्ला बोल जैसी फिल्मों के निर्देशक संतोषी ने पुलिस में इस संबंध शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई गई।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष लखनऊ में लकड़ावाला गिरोह के एक सदस्य ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस को बताया था कि गिरोह ने उसे संतोषी और एक पार्श्व गायक की हत्या का कार्य सौंपा था, क्योंकि इन्होंने गिरोह को हफ्ता देने से मना कर दिया था।
बॉलीवुड हमेशा हफ्ता वसूली के लिए अंडरवर्ल्ड के निशाने पर रहा है, पर पिछले कुछ वर्षों में खासकर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून के लागू होने के बाद पुलिस दावा करती रही है कि विभिन्न गिरोहों के काफी गुंडों को गिरफ्तार किया गया है और बॉलीवुड पर अंडरवर्ल्ड का शिकंजा ढीला पड़ गया है।
|