राजस्थान के राज्यपाल एसके सिंह ने शुक्रवार को देवीसिंह भाटी को कैबिनेट मंत्री के रूप में पद और गोपनियता की शपथ दिलाई।
राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसा ओमप्रकाश माथुर और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री प्रतापसिंह रूडी समेत प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
भाटी के शपथ लेने के बाद वसुंधरा राजे मंत्रिमंडल के सदस्यों की संख्या बढ़कर तीस हो गई है। भाटी ने शपथ लेने के बाद कहा कि व्यक्ति के पास सोच है और काम करने की इच्छा है तो समय ज्यादा मायने नहीं रखता है।
उन्होंने कहा राजस्थान का राजपूत समाज भाजपा के साथ है।राज्य की पूर्व भैरोंसिंह शेखावत सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे देवीसिंह भाटी कोलायत से विधायक हैं।
विश्वेन्द्र सिंह वसुंधरा के सलाहकार : राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भरतपुर से भाजपा सांसद विश्वेन्द्र सिंह को अपना राजनीतिक सलाहकार नियुक्त किया है। राजे ने राजभवन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा सिंह को कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलेगा।
|