हुर्रियत कांफ्रेंस से अलग हुए धड़े के अध्यक्ष सैयद अली शाह गिलानी को गुरुवार को पवित्र हजरतबल में जुम्मे की नमाज में भाग लेने से रोकने के लिए नजरबंद कर दिया गया।
गिलानी ने अमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) को वन भूमि आवंटन रद्द करने पर विजय का ऐलान करते हुए विशेष नमाज के लिए 'हजरतबल चलो' की अपील की थी।
एसएएसबी को वन भूमि आवंटन के खिलाफ वह पहले भी पुलिस को झाँसा देकर दो बार पुराने शहर और जामिया मस्जिद के पास प्रदर्शनों की अगुआई कर चुके हैं, लेकिन पुलिस ने इस बार कोई भी मौका नहीं चूकते हुए जुम्मे की नमाज के 40 घंटे पहले ही कल शाम गिलानी को नजरबंद कर दिया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गिलानी को कल शाम सात बजे नजरबंद कर दिया गया। उधर कांफ्रेंस के प्रवक्ता ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि गिलानी के घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं।
गिलानी और कांफ्रेंस के दूसरे धड़े के नेता मीरवायज मौलवी एसएएसबी भूमि विवाद को लेकर हाल में हुए प्रदर्शन में मारे गए लोगों को आज 'फतेहा' देने तथा सभा को संबोधन करने वाले थे।
|