माओवादियों ने अपने 24 घंटे के भारत बंद के दौरान बुधवार को बिहार के सारण एवं मुजफ्फरपुर जिले में विस्फोट कर रेल पटरियों को उड़ा दिया और झारखंड के धनबाद जिले में ट्रक चालक को गोली मार दी।
उग्रवादियों ने पूर्व-मध्य रेलवे के सोनपुर डिवीजन में सुबह अवतारनगर और बड़ागोपाल स्टेशनों के बीच डाउन रेल पटरी को उड़ा दिया, जिससे दिल्ली-गुवाहाटी मार्ग पर रेल सेवाएँ प्रभावित हुई हैं।
पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एके चंद्रा ने बताया उग्रवादियों ने अप रेलवे लाइन पर भी बम लगाया था, लेकिन उसमें विस्फोट नहीं हुआ। बाद में उसे निष्क्रिय कर दिया गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार माओवादियों ने मुजफ्फरपुर जिले में मेहसी और महवाल स्टेशनों के बीच रेल पटरी उड़ा दिया, जिससे मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज सवारी गाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया।
विस्फोटों की वजह से कई ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी थीं। इनमें मुजफ्फरपुर-दिल्ली (लिच्छवी एक्सप्रेस) दरभंगा-दिल्ली (सद्भावना एक्सप्रेस) नई दिल्ली-गुवाहाटी (अवध-असम एक्सप्रेस) और गोरखपुर-मुजफ्फरपुर (इंटरसिटी एक्सप्रेस) आदि शामिल हैं।
|