समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायमसिंह यादव ने उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती पर बॉलीवुड मेगास्टार अमिताभ बच्चन और सपा नेता अमरसिंह को फर्जी मुकदमें में फँसाने की साजिश करने का आरोप लगाया।
यादव ने कहा कि गत 27 जनवरी को अमरसिंह के जन्मदिन पर उनके तथा बच्चन के परिजनों को लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे से गोमतीनगर लाने वाली लग्जरी बस को लेकर उठे विवाद के सिलसिले में एक पुलिस इंस्पेक्टर की अगुवाई में उत्तरप्रदेश पुलिस की एक टीम ने अमरसिंह के कोलकाता स्थित आवास पर छापा मारा।
गौरतलब है कि गत 27 जनवरी को बच्चन और अमरसिंह के परिजनों ने जिस लग्जरी बस से यात्रा की थी। वह हमीरपुर जिले में पंजीकृत थी। इस बस को लग्जरी वाहन में परिवर्तित करने के लिए समुचित कर नहीं जमा होने की वजह से बाद में हमीरपुर के संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ)को निलंबित कर दिया गया था।
यादव ने कहा कि पुलिस अधिकारी एके द्विवेदी ने कैमरे के सामने कहा है कि उन्हें सीधे मुख्यमंत्री के आदेश पर कोलकाता भेजा गया है और उन्हें श्री बच्चन और अमरसिंह के खिलाफ मामला तैयार करने का काम सौंपा गया है। इस मौके पर यादव ने अमरसिंह के आवास पर पडे छापे की वीडियो सीडी भी जारी की।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि अब हम राज्य सरकार के खिलाफ खुली लड़ाई के लिए तैयार हैं और सरकार की ज्यादतियों के खिलाफ जेल भी जा सकते हैं।
यादव ने कहा कि अगले चार-पाँच दिन में मैं खुद प्रदेश के राज्यपाल टीवी राजेश्वर से मुलाकात करके उन्हें इस बारे में विस्तार से जानकारी दूँगा। मैं राज्यपाल के सामने सरकार के भ्रष्टाचार और विपक्ष के खिलाफ साजिश के सबूत भी पेश करुँगा।
यादव ने कहा कि इसके बाद इस मसले पर उनकी राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल और प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह से मुलाकात करने भी योजना है।
|