समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुलायमसिंह यादव ने कहा कि सत्ता के घमंड में चूर मायावती की पोल वे जल्द ही खोलेंग और शीघ्र ही प्रदेश के राज्यपाल, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मिलकर मुख्यमंत्री के भ्रष्टाचार का पुलिन्दा सौंपेंगे।
मुलायम ने दावा किया कि उनके पास जो सबूत हैं उन्हें सौंपने पर मुख्यमंत्री मायावती को लम्बे समय तक जेल हो सकती है। यादव ने कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह पर आरोप लगाया कि सीनियर पायलट से कैबिनेट सचिव बनने वाले सिंह ने मुख्यमंत्री का पैसा मुट्ठी में लेकर अपनी कंपनी में लगा दिया है और वह जो चाहता है करता है। उन्होंने किडनी चोरी में भी उनकी संलग्नता की ओर इशारा किया। बसपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने के दिन मुलायम ने कहा कि वे अब चुप नहीं बैठेंगे।
काश! मैं गलती नहीं करता : यादव ने कहा कि उनसे एक बड़ी गलती हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जब वे प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तभी उरई में ढाई क्विंटल विस्फोटक मिला था, जिसकी जाँच न कराकर बड़ी गलती की। सिंह ने कहा कि मायावती ने उस समय राज्य सभा में अमरसिंह से गिड़गिड़ाकर मामले की जाँच न कराने का अनुरोध किया था क्योंकि इस मामले में उनकी बसपा के कार्यकर्ता फँस रहे थे, जिनमें से दो वर्तमान में मंत्री हैं।
उन्होंने कहा कि इसी विस्फोटक से औरेया और इटावा के बीच विस्फोटक रख उन्हें उड़ाने की योजना थी। यादव ने कहा कि मायावती स्वयं उन्हें, अमरसिंह और अमिताभ बच्चन को जेल भेजने की कोशिशें कर रही हैं, किन्तु वे सफल नहीं होंगी। मुलायम ने कहा कि वे गिरफ्तारी से नहीं डरते। यदि मायावती में हिम्मत है तो उन्हें गिरफ्तार कर लें।
मायावती एहसान फरामोश : मुलायम ने मायावती को एहसान फरामोश महिला बताया। उन्होंने कहा कि मायावती जनता के दम पर उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री नहीं बनी बल्कि दिल्ली सरकार की कृपा से सत्ता में आई। उन्होंने कहा कि मायावती ने अति कर दी है। बुंदेलखंड में सर्वाधिक अत्याचार ब्राह्मणों पर हुए हैं। यादव ने अमरसिंह को गोमतीनगर में आवंटित प्लाट की जाँच कराए जाने पर कहा कि जिस अधिकारी से मामले की जाँच कराई जा रही थी, वह दागी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने अमरसिंह के खिलाफ छापे की कार्रवाई का भी विरोध किया।
|