मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
आडवाणी के नेतृत्व में सरकार बनेगी  
उत्तरप्रदेश में सुमित्रा महाजन ने कहा
भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं इंदौर से सांसद सुमित्रा महाजन का कहना है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष एवं डिफैक्टो प्रधानमंत्री सोनिया गाँधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली की जनता से चुनाव में किए एक भी वादे को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को आगामी लोकसभा के चुनाव में उठाएगी, जिसका लाभ पार्टी को मिलेगा।

छह बार इंदौर लोकसभा का चुनाव जीत चुकीं महाजन ने कहा कि उन्हें रायबरेली जाने से पहले अंदाजा था कि वहाँ सोनिया संसदीय क्षेत्र की तरह विकास की गंगा बह रही होंगी, किन्तु दौरे के दौरान उनके द्वारा किए गए चुनावी वादे थोथे दिखाई पड़े।

वहाँ रेल कोच फैक्टरी, रेल लाइन बिछाने का काम, एनटीपीसी को किसानों की जमीनों का मुआवजा आदि के जो वादे सोनिया गाँधी ने किए थे उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ।

महाजन इन दिनों उत्तरप्रदेश के दौरे पर हैं। उन्होंने भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पार्टी संगठन ने 30-40 सांसदों को 3-4 लोकसभा की सीटों का आकलन करने का काम दिया गया है। उन्हें उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली और मोहनलालगंज संसदीय सीट के परीक्षण हेतु भेजा है, जहाँ वे स्थानीय परिस्थितियों, चुनावी आँकड़ों एवं स्थानीय चुनावी मुद्दों से पार्टी को जानकारी देंगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य सिर्फ सरकार बनाना है और इसके लिए पार्टी अपने सहयोगियों को लेकर चलेगी। पार्टी यह भी आकलन करा रही कि जहाँ भाजपा का सांसद नहीं, वहाँ पार्टी की स्थिति और समीकरण क्या है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे कोई प्रत्याशी तय करने नहीं आई हैं।

उन्होंने बताया कि भाजपा ने लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखकर एक योजना के तहत देश की 150 उन सीटों पर चुनाव जीतने की योजना बनाई है, जहाँ पर कभी न कभी भारतीय जनता पार्टी ने विजय प्राप्त की थी। उन्होंने कहा कि देश में आगामी लोकसभा चुनावों के बाद लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी।

एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि यह अटलजी तय करेंगे कि वे लखनऊ से चुनाव लड़ेंगे या फिर किसी और को चुनाव लड़ाएँगे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक संगठनात्मक पार्टी है और यहाँ किसी बात को लेकर कोई मतभेद नहीं है।

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल प्रस्तुत होने पर उन्होंने कहा कि मौजूदा बिल हमारे समय का तैयार किया हुआ है और भारतीय जनता पार्टी पहला ऐसा राजनीतिक दल है जिसने महिलाओं को संगठन में आरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश की सरकार जनहित में काम करती नजर नहीं आ रही है। मायावती सरकार का एक वर्ष पूरा होने को है। अभी तक बहुजन हिताय का कोई कार्य शुरू नहीं हुआ है, किन्तु अब कोई बहाना नहीं चलेगा। जनहित के कार्य सरकार को करना ही होंगे।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार विभिन्न मामलों पर पंचायतें बुलाकर जनहित का काम कर रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की सरकार दोबारा बनेगी।
और भी
रिश्वत लेते पकड़ा गया केन्द्रीय दल
राज ठाकरे को नोटिस
राजा ने कहा 'मैं निर्दोष हूँ'
पति ने की पत्नी की हत्या
औरतों को नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं...
सोहा अली का शस्त्र लाइसेंस रद्द