जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष ताराचंद ने बहुचर्चित श्रीनगर 'सेक्स कांड' में उनके शामिल होने के आरोपों को आधारहीन और दुर्भावनापूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि वे इसमें दोषी पाए जाते हैं तो दंड भुगतने को तैयार हैं।
उन्होंने अखनूर तहसील में अपने छंब विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के खोर में आयोजित आमसभा में अपने विरुद्ध लगाए गए आरोपों पर पहली बार प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनके खिलाफ यह आरोप आधारहीन, दुर्भावनापूर्ण और छिछोरे हैं।
ताराचंद ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के साथ ही कांग्रेस आला कमान उनकी छवि से पूरी तरह अवगत है। उन्हें किसी से चरित्र प्रमाण-पत्र की जरूरत नहीं है। ताराचंद ने लोगों से पार्टी के किसी भी नेता के विरुद्ध एक शब्द भी न बोलने की बार-बार अपील की।
उन्होंने कहा यदि हम किसी पार्टी नेता के विरुद्ध बोलते हैं तो कांग्रेस की बदनामी होगी। मैं पार्टी का वफादार सिपाही हूँ और संगठन के प्रति समर्पित रहूँगा। इस मसले को पार्टी आला कमान पर छोड़ते हुए उन्होंने कहा कि वह पार्टी के निर्णय का पालन करेंगे।
कांग्रेस सांसद मदनलाल शर्मा ने हाल ही में एक जनसभा में ताराचंद पर श्रीनगर सेक्स कांड में शामिल होने का आरोप लगाया था।
|