हाल ही में बड़े पैमाने पर ब्लॉग शुरू करने वाले मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने कहा है कि उनकी वेबसाइट कुछ ही हफ्तों में तैयार हो जाएगी।
उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा है कि मैंने हाल ही में ब्लॉग लिखना शुरू किया है और मैं इस माध्यम का आनंद उठा रहा हूँ। मेरी पूर्ण वेबसाइट अभी जपक.कॉम काम द्वारा निर्माणाधीन है और जल्दी ही इसे पेश कर दिया जाएगा। उस समय तक मैं बिगअड्डा के जरिये ब्लॉग लिखना जारी रखूँगा। मेरी साइट पर कार्य चल रहा है और इसे कुछ हफ्तों में तैयार हो जाना चाहिए। एक बार साइट तैयार हो जाने पर मैं अपनी साइट से ब्लॉग लिखूँगा। साइट के लिए एक बेहतरीन टीम काम कर रही है और प्रगति से मैं प्रसन्न हूँ। उन्होंने कहा कि जपक और बिगअड्डा सेवा प्रदाता हैं और जिस तरह से उनके ब्लॉग का संचालन किया जा रहा है उससे वे खुश हैं।
अमिताभ ने उन अटकलों का उपहास किया कि बिगअड्डा पर ब्लॉग लिखने के लिए उन्हें भुगतान किया जा रहा है। ये मेरा निजी ब्लॉग है और मैं अपनी साइट पर ब्लॉग के लिए क्यों पैसे लूँ।
मुझे फिल्मों, टीवी शो और विज्ञापनों में काम करने के लिए पैसे मिलते हैं न कि अपने निजी विचार आम लोगों के सामने व्यक्त करने के लिए, वह भी अपने मंच से।
उन्होंने कहा कि बिगअड्डा अनिल अंबानी समूह का उद्यम है और बिगअड्डा से उनके गठजोड़ में अंबानी के साथ निजी संबंधों का कोई लेना-देना नहीं है। अमिताभ ने कहा बिगअड्डा मेरे ब्लॉग के लिए एक माध्यम है। वे सेवा प्रदाता हैं, मेरी तकनीकी जानकारी कम है। मैं बिगअड्डा का ब्रांड एंबेस्डर नहीं हूँ। मैं अपनी साइट तैयार होने तक ही उनकी सेवाओं का उपयोग कर रहा हूँ।
|