नवाबों की नगरी में हाल ही में फैशन शो का आयोजन किया गया। आकर्षण का केन्द्र बने इस शो में फेमिना मिस इंडिया 2007 की मिस पॉपुलर और मिस फ्रेश अकिन्यो, फेमिना मिस इंडिया 2003 की टॉप टेन हिमानी थापा और इंटरनेशनल मॉडल अंकिता जैन रैम्प पर उतरीं। इस मौके पर आयोजित सौन्दर्य प्रतियोगिता में सोनम अस्थाना को मिस आनंदी चुना गया। अवसर था आनंदी वॉटर पार्क में आयोजित जश्न-ए-आनंदी का। दरअसल आनंदी वाटर पार्क ने अपनी छठी वर्षगाँठ पर दो दिवसीय समारोह आयोजित किया था।
इस दौरान वॉयस ऑफ इंडिया के उपविजेता हर्षित सक्सेना के साथ हाथ मिलाने, ऑटोग्राफ लेने और फोटो खिचवाने के लिए लोगों में होड़-सी मची हुई थी। कुछ ने ठुमके लगाए तो कुछ ने उसे गले लगा लिया। हर्षित ने अपने चाहने वालों को निराश नहीं किया और एक से बढ़कर एक गाने सुनाए।
हर्षित ने दिल ने तुमको चुन लिया है... से सुरीली शाम का आगाज किया। कार्यक्रम के दौरान आनंदी के निदेशक विनोद माहेश्वरी ने हर्षित के लिए वोट करने की अपील करते हुए कहा कि अगर सुपर स्टार में हर्षित जीतता है तो वे उसके लिए आनंदी में निःशुल्क शो आयोजित करेंगे।
संध्या का दूसरा आकर्षण फैशन शो रहा। इसमें सुंदरियों ने रैंप पर कैटवॉक कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कैजुअल कूल चक्र में वेस्टर्न ड्रेस और वीमेन्स ऑन टॉप चक्र में कॉकटेल देखने को मिली। मिस आनंदी की प्रतियोगिता भी रोचक रही। इंट्रोडक्शन, बॉडी लैंग्वेज और सवाल-जवाब राउंड के बाद निर्णायक स्वाति जैन और चेतनासिंह ने सोनम अस्थाना को मिस आनंदी चुना। फर्स्ट रनर अप मेनका और सेकंड रनरअप शिवांगी रहीं। मिस फोटोजनिक बबिता को चुना गया तो मिस ग्रेस रूपांशी बनीं। सोनम ने बताया कि वे भरतनाट्यम की नृत्यांगना भी हैं। वर्तमान में वे फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही हैं।
|