बच्चों का भूत से डरना तो आम बात है, लेकिन अगर किसी भूत से बच्चों की दोस्ती हो जाए तो यह जरूर अटपटा लगेगा। जल्द ही बॉलीवुड में रिलीज होने जा रही फिल्म 'भूतनाथ' की कहानी ऐसे ही एक अजूबे रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है।
निर्देशक विवेक शर्मा की पहली फिल्म भूतनाथ नौ मई को रिलीज होने जा रही है, जो एक बच्चे (अमन सिद्दीकी) की भूत की भूमिका निभा रहे अमिताभ बच्चन के साथ दोस्ती की कहानी है। फिल्म की कहानी कुछ यूँ आगे बढ़ती है कि एक भूत है, जिसे मुक्ति नहीं मिल पाई है और बच्चा उसे मुक्त कराने के उपाय करता है और भूत मुक्त हो जाता है, लेकिन उस दोस्त भूत का लगातार बच्चे को खयाल आता रहता है। फिल्म की खासियत है कि इसमें भूत केवल बच्चे को ही दिखाई देता है।
फिल्म का म्यूजिक ओम शांति ओम, टशन जैसी फिल्मों में म्यूजिक देने वाले विशाल शेखर का है, जबकि गीत जावेद अख्तर के हैं। फिल्म में अमिताभ, शाहरुख खान और जूही चावला जैसे कलाकार हैं, लेकिन कहानी बच्चे अमन सिद्दीकी के इर्द-गिर्द घूमती रहती है।
फिल्म के बाल अभिनेता अमन सिद्दीकी पहले भी अमिताभ बच्चन के साथ रिन साबुन, च्यवनप्राश इत्यादि कई विज्ञापनों में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने अब तक लगभग 40 विज्ञापन किए हैं।
अमन सिद्दीकी की हसरत है कि बड़े होकर वह क्रिकेटर बने। क्रिकेटरों में उन्हें धोनी सहवाग और सौरभ गांगुली जैसे खिलाड़ी पसंद हैं। फिल्म के अपने अनुभव के बारे में वह कहते हैं कि उन्हें अमिताभ के साथ काम करने में बड़ा मजा आया क्योंकि वह उन्हें लगातार कुछ न कुछ समझाते रहते थे और गलतियों को दुरुस्त करते रहते थे। अमन कहते हैं कि बड़े होकर वह अमिताभ की ही तरह लंबा होना चाहेंगे।
|