मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
'कटोरे पे कटोरा, बेटा बाप से भी गोरा'
कांग्रेस द्वारा 'चापलूसी' पर तीखी नाराजगी जताए जाने के बाद भी पार्टी में राहुल गाँधी को प्रधानमंत्री पद के काबिल बताने वालों की फेहरिस्त लंबी होती जा रही है। इस फेहरिस्त में जुड़ने वाला नाया नाम मध्यप्रदेश के कांग्रेस नेता अजयसिंह उर्फ 'राहुल भैया' का है।

गौरतलब है कि अजय वरिष्ठ कांग्रेस नेता और केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री अर्जुनसिंह के बेटे हैं। अर्जुन सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि राहुल की काबिलियत के मद्देनजर उन्हें अगले आम चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किए जाने में कुछ भी गलत नहीं है। अर्जुन के बाद अजयसिंह द्वारा राहुल प्रधानमंत्री पद के योग्य बताना, इस कहावत को ही बल देता है कि 'कटोरे पे कटोरा, बेटा बाप से भी गोरा'।

हालाँकि उनकी इस राय के बाद कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन के जरिए चापलूसों को फटकार लगाकर चेताया भी जा चुका है। मध्यप्रदेश कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के प्रमुख और प्रदेश के सीधी जिले के चुरहट सीट से विधायक अजय शुक्रवार को इंदौर में मीडिया से मुखातिब थे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरने आए राहुल भैया से जब पूछा गया कि क्या पार्टी महासचिव राहुल गाँधी अगले आम चुनावों में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हो सकते हैं तो वह एक पल के लिए तो धर्मसंकट में दिखाई दिए। मगर दूसरे ही पल अपने दिल की बात कह गए।

उन्होंने इस सिलसिले में अपने पिता और कुछ दूसरे नेताओं की बात का समर्थन करते हुए कहा कि अभी यह कहना मुश्किल है कि कौन प्रधानमंत्री बनेगा। मगर जैसा कुछ लोगों ने कहा कि उनमें वे सब गुण हैं, जो किसी प्रधनमंत्री में होने चाहिए, दरअसल यही गुण उनकी माँ और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी में भी है। मगर इसके बावजूद उन्होंने प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं किया।

अजय ने कुछ संभलते हुए कहा कि फिलहाल राहुल गाँधी को देश का अगला प्रधानमंत्री बताना उचित नहीं होगा। लेकिन उनमें इसी संदर्भ में सारी संभावनाएँ मौजूद हैं। जब वक्त आएगा, वे प्रधानमंत्री बन जाएँगे। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस महासचिव दिग्विजयसिंह भी हाल में राहुल को प्रधानमंत्री पद के लिये पूरी तरह योग्य बता चुके हैं।
और भी
मल्लिका के खिलाफ पुलिस में शिकायत
आडवाणी का कांग्रेस और जदएस पर आरोप
छत्तीसगढ़ के गरीब छात्र बन सकेंगे पायलट
वनमंत्री ने फहराया उलटा ध्वज
नासिक में किसान ने की आत्महत्या
उग्रवादी हमले में दो जवान शहीद