छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के आरक्षित वर्ग के युवाओं को पायलट का प्रशिक्षण देने की योजना तैयार की है, जिसके लिए एक करोड़ 32 लाख रुपए खर्च किया जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के अनुसूचित जातियों, जनजातियों और अन्य पिछड़े वर्गों के बारहवीं पास युवाओं को नि:शुल्क पायलट का प्रशिक्षण देने के लिए योजना तैयार की है।
अधिकारियों ने बताया कि आरक्षित वर्गों के गरीबी रेखा श्रेणी के परिवारों के होनहार विद्यार्थियों के लिए पायलट प्रशिक्षण योजना प्रारंभ की गई है। उन्हें यह प्रशिक्षण नि:शुल्क दिया जाएगा। योजना के तहत राज्य के सात विद्यार्थियों का चयन पायलट प्रशिक्षण के लिए किया गया है।
उन्होंने बताया कि चयनित युवाओं को पायलट बनाने के लिए प्रदेश सरकार कुल एक करोड़ 32 लाख 30 हजार रुपए खर्च करेगी।
अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी के लिए राज्य सरकार के आदिम जाति, अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग विकास विभाग ने 18 लाख 90 हजार रुपए की धनराशि मंजूर की है।
उन्होंने बताया कि राज्य में आरक्षित वर्ग के गरीब युवाओं को नि:शुल्क पायलट प्रशिक्षण देने की यह पूरे देश में अपनी तरह की पहली योजना है।
योजना के तहत चयनित युवाओं को एक वर्ष तक राज्य में ही बिलासपुर स्थित साई फ्लाई टेक एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा चकरमठा हवाई पट्टी पर विमान उड़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। गौरतलब है कि राज्य के आदिम जाति कल्याण विभाग पहले ही आरक्षित वर्ग की छात्राओं को एयर होस्टस का परिक्षण दे रहा है।
|