सलमान, शाहरुख और करीना भले ही आज की युवा पीढ़ी के आदर्श हों, कपड़ों से लेकर बालों तक युवा भले ही इनके रंग में रंगे नजर आते हों पर देश के मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब को रेलमंत्री लालू यादव का हेयर स्टाइल सबसे ज्यादा पसंद है।
हबीब का मानना है कि लालू की हेयर स्टाइल का जवाब नहीं। उनके व्यक्तित्व के साथ उनका हेयर स्टाइल एकदम मैच करता है और उन्हें भीड़ से एकदम अलग साबित करता है। वह कहते हैं कि अच्छा हेयर स्टाइलिश वही है जो बालों के जरिए व्यक्ति के व्यक्तित्व में निखार लाए।
एक समय था जब बाल काटने के हुनर को ज्यादा महत्व नहीं दिया जाता था, लेकिन आज यह आलम है कि हर साल 30 अप्रैल को हेयर स्टाइलिस्ट-डे मनाया जाता है। नेता हो या अभिनेता, मॉडल हो या एयर होस्टेस, दुल्हन हो या दुल्हा सबके बाल सँवारने के लिए हेयर स्टाइलिस्ट की खास सेवाएँ ली जाती हैं। यही वजह है कि के जमाने में हेयर स्टाइलिस्ट होना उज्जवल भविष्य की तरफ इशारा करता है।
जावेद के अनुसार शिक्षा के प्रचार-प्रसार के चलते रुढ़िवादी मानसिकता समाप्त हुई है और आज ज्यादा से ज्यादा युवा इस पेशे को अपना रहे है। जावेद ने बताया कि उनका परिवार तीन पीढ़ियों से इस पेशे में है उनके पिता चाहते थे कि वह भी पारिवारिक पेशे को ही अपनाएँ।
पिता की बात मानते हुए वह अपने फन में माहिर है और केश-सज्जा के क्षेत्र में शीर्ष स्थान पर हैं। ब्यूटिशियन और हेयर स्टाइलिस्ट राखी खुराना ने बताया कि इन दिनों का सबसे हॉट ट्रेंड है रिबाउंडिंग।
कभी खूबसूरती और नजाकत का पर्याय माने जाने वाले घुँघराले बाल फैशन से पूरी तरह बाहर हैं। लोग हजारों रूपए खर्च करके अपने घुँघराले बालों को सीधा करवाते हैं। हीरो की जुल्फें और हीरोइन की लटें इन हेयर स्टाइलिस्ट की उँगलियों के कमाल के कारण ही कभी अदा से बिखरी नजर आती हैं तो कभी करीने से सजी दिखाई देती हैं।
प्रशिक्षित विशेषज्ञ हेयर स्टाइलिस्ट अपनी कल्पनाशीलता के सहारे हर किसी के बालों को अनोखा रूप रंग देते है। फिल्मी कलाकारों के हेयर स्टाइल की उनके प्रशंसकों द्वारा नकल करने का चलन सदा से रहा है।
दिलीप कुमार की जुल्फें हों या फिर साधना कट लेडी डायना के करीने से सजे बाल हों या डिंपल कपाड़िया के कँधों पर लहराते घने घुँघराले बाल। इनके बालों की हर लचक पर लोग अपना दिल बिछाते रहे हैं, लेकिन इन तमाम लोगों के इस लोकप्रिय हेयर स्टाइल के पीछे इनके हेयर स्टाइलिस्ट की घंटों की मेहनत छिपी होती है।
|