न सोएँगे और न ही सोने देंगे, बिजली कटौती से परेशान शहरवासियों ने यह अनोखा फार्मूला निकाल लिया है, जिसके तहत वह बिजली विभाग के आला अधिकारियों के घरों पर देर रात को ढोलक, मंजीरा लेकर गा-बजाकर प्रदर्शन कर रहे हैं। औद्यौगिक शहर कानपुर में प्रतिदिन 15 से 18 घंटे की जबरदस्त बिजली कटौती से लोगों का जीना हराम हो गया है। 43 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी ने लोगों के दिन का चैन और रातों की नींद भी उड़ा दी है। यही नहीं बिजली न आने से लोगों के उद्योग घंधे और रोजगार भी चौपट हो गए है।
इससे परेशान सैकड़ों नागरिक ने कल देर रात कानपुर के बिजली विभाग केस्को के एमडी नंदलाल के स्वरूप नगर स्थित आवास पर हँगामा मचाकर सभी की नींद उठा दी, इतना ही नहीं ढोलक और मंजीरा को बजाकर कॉलोनीवासियो को इकठ्ठा करना शुरू कर दिया। वहीं सपा विधायक इरफान सोलंकी भी इनका बखूबी साथ दे रहे थे। सपा विधायक का कहना था कि जब शहर की जनता बिजली कटौती से परेशान होकर रातों को जाग रही हैं तो बिजली विभाग के आला अधिकारी क्यों चैन की नींद सो रहे हैं। हम न खुद सोएँगे और न ही बिजली अधिकारियों को चैन की नींद सोने देंगे।
|