सुपरस्टार अमिताभ बच्चन का कहना है कि नामचीन हस्तियों की आलोचना नई बात नहीं है और वे इसके अपवाद नहीं हैं। किसी लोकतांत्रिक देश में हर नागरिक को अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है। उन्होंने उत्तरप्रदेश सरकार के लिए किए गए विज्ञापन 'यूपी में है दम, क्योंकि जुर्म है यहाँ कम' के बारे में जाने-माने पटकथा लेखक सलीम खान की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यह बात कही। अपनी आने वाली फिल्म 'भूतनाथ' के लिए बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि यह एक लोकतांत्रिक देश है और यहाँ हर किसी को अपने विचार व्यक्त करने का पूरा अधिकार है।
यहाँ एक दैनिक में लिखे गए अपने लेख में खान ने लिखा था कि इस वक्त के सबसे बड़े अभिनेता को इस संदर्भ में केवल मिलने वाली राशि का खयाल रहा और विज्ञापन के तथ्यों की तरफ उनका ध्यान नहीं रहा। अमिताभ ने कहा कि नामचीन हस्तियों के साथ इस तरह का व्यवहार कोई नया नहीं है और वह इस संबंध में अपवाद नहीं हैं। बिग बी ने कहा कि वह शोले के रीमेक 'आग' के निर्माण के दौरान हुए कड़वे अनुभव के बाद रामगोपाल वर्मा के साथ दोबारा काम नहीं करेंगे।
|