विदर्भ के यवतमाल जिले में 87 हजार से ज्यादा किसान कर्ज माफी के पात्र हैं, जिनकी कर्ज माफी से खजाने पर 150 करोड़ का भार पड़ेगा। किसानों के लिए 60 हजार करोड़ रुपए की कर्ज माफी योजना के तहत सहकारी संस्थाओं के जिला उप रजिस्ट्रार को जिले के पात्र किसानों का चयन करना है, जिसके लिए उप रजिस्ट्रार ने जिले में एक प्राथमिक सर्वेक्षण करवाया है। जिले में 595 कर्ज सेवा समितियाँ हैं, जिनमें से 576 ने अब तक अपने सर्वेक्षण पूरे कर लिए हैं। कुल 87 हजार 508 किसानों के पास दो हेक्टेयर या इससे कम भूमि पाई गई है। सरकार की ओर से कर्ज माफी की अनुमानित राशि 128.90 करोड़ रुपए है। इनमें से 125 करोड़ रुपए यवतमाल जिला केंद्रीय सहकारी बैंक का है।
उन्नीस कर्ज समितियों के खाते को अभी अंतिम रूप दिया जाना है। इससे पता चलता है कि जिले में करीब 150 करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया जाएगा।
जिले में 37 हजार 272 से ज्यादा किसान हैं जो कर्ज अदा नहीं कर पाए हैं जिनके पास दो हेक्टेयर से ज्यादा जमीन है। एक साथ निराकरण योजना के अनुसार किसान अगर निश्चित समय सीमा में 75 फीसदी बकाया राशि का भुगतान कर देते हैं तो उन्हें 25 फीसदी कर्ज माफी का लाभ मिलेगा।
|