झारखंड में दुमका जिले के शिकारीपारा थाना क्षेत्र के मकरोपहारी और पोखरिया के बीच घंने जंगल में आज पुलिस की उग्रवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी समेत पाँच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस उपमहानिरीक्षक और पुलिस प्रवक्ता आरके मलिक ने बताया कि मुठभेड़ में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सिकारीपारा के थाना प्रभारी शमशाद अंसारी, रामदयाल पासवान, नसीम अंसारी (तीनों पुलिसकर्मी), कारू पहाडि़या और एक अन्य उग्रवादी की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में पुलिस ने मनोज डेहरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से दो राइफल और कुछ नक्सली साहित्य बरामद किया है।
इस बीच दुमका से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार लंबी दूरी की पेट्रोलिंग पर निकली पुलिस टीम को सूचना मिली की उक्त जंगल में माओइस्ट कम्युनिस्ट सेंटर (एमसीसी) के उग्रवादी किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे है।
इसके बाद पुलिस ने उन सबको सरेंडर करने के लिए ललकारा। लेकिन उग्रवादियों ने पुलिस पर गोलियाँ चला दी जिससे थाना प्रभारी अंसारी की मौत हो गई। इस घटना के बाद दोनों ओर से हुई गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी सहित पाँच लोगों की मौत हो गई।
|