अश्लील फिल्मों व सीरियलों पर सख्ती से रोक लगाने हेतु यदि इस दिशा में भारतीय संसद में शीघ्र बिल पास न किया गया तो सीएमएस के 34 हजार बच्चे अश्लीलता दिखाने वाली फिल्मों व सीरियलों एवं छोटे-छोटे बच्चों को लक्ष्य बनाकर अश्लीलता से भरी विदेशी कार्टून फिल्मों के खिलाफ व्यापक जनांदोलन छेड़ेंगे।
प्रदेश में हो रही हत्याओं, आत्महत्याओं व छात्रों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को रोकने हेतु एवं अभिभावकों व छात्रों की बढ़ती माँग को देखते हुए सिटी मोंटेसरी स्कूल ने शैक्षिक बाल फिल्मों को हमेशा अनवरत दिखाने का निर्णय लिया है। यह जानकारी सीएमएस के संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद जगदीश गाँधी ने दी है।
गाँधी ने कहा कि चोरी, आत्महत्या, हत्या, डकैती, लूटपाट आदि की ट्रेनिंग दे रही फिल्मों के जवाब में सिटी मोंटेसरी स्कूल ने शैक्षिक बाल फिल्मों का निर्माण किया है। चारित्रिक, नैतिक, आत्मविश्वास, आत्मबल एवं ईश्वरीय एकता से परिपूर्ण यह बाल फिल्में छात्रों को सकारात्मक एवं सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
गाँधी ने कहा कि ये शैक्षिक बाल फिल्में अब हमेशा सीएमएस गोमती नगर व सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में सायं 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक प्रतिदिन अनवरत निःशुल्क दिखाई जाएँगी।
विरोध प्रदर्शन : जनपद सहारनपुर के भारतीय मूलाकिस्तान समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध ललित ने शुक्रवार को विधानसभा के सामने सिर में नकाब ओढ़कर और हाथ में लालटेन लेकर विरोध प्रदर्शन किया। ललित ने एक ज्ञापन पुलिस महानिदेशक विक्रमसिंह को सौंपकर सहारनपुर में गैर जनपद से स्थानांतरण कराकर आए पुलिस इंसपेक्टर इकबालुजमा पर एक मामले में विवेचना में रुकावट डालने और ललित को धमकी देने का अरोप लगाया है।
छात्रों ने अंकतालिका जलाई : लखनऊ विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग बीपीएड, एमपीएड के प्रथम तथा तृतीय सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों में पक्षपातपूर्ण एवं जातीय आधार पर नंबर देने के विरोध में छात्रों ने विधानसभा के सामने प्रदर्शन कर अपनी मूल अंकतालिका जलाई। छात्रों का कहना था कि वे इस मामले को राज्यभवन तक ले जाएँगे तथा विधानसभा के सामने भूख हड़ताल भी करेंगे।च
मायावती का शुक्रिया : बसपा सांसदों, विधायकों, मंत्रियों एवं उत्तरप्रदेश पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक बैठक मायावती की अध्यक्षता में संपन्न हुई। मायावती ने उपचुनावों में पार्टी की जीत के लिए सबका शुक्रिया अदा किया।
|