हेलिकॉप्टर से दुल्हन को विदा कराने के समाचार तो आते रहे हैं, लेकिन चम्बल तवरघार के ठाकुर प्रतापसिंह तोमर अपने लाड़ले की शादी में बारात को विशेष विमान से अहमदाबाद ले जा रहे हैं। शाही शादी का यह विशेष विमान शनिवार को 26 अप्रैल सुबह 7 बजे राजमाता सिंधिया टर्मिनल ग्वालियर से उड़ान भरकर अहमदाबाद पहुँचेगा। दूल्हे राजा दूसरे दिन इसी विमान से अपनी दुल्हन को विदा कराकर लौटेंगे। बंदूक, बीहड़ व डाकुओं के लिए चर्चित इस क्षेत्र के लोगों के लिए हवाई मार्ग से बारात करने का यह पहला मौका है। वे इस हवाई यात्रा को लेकर जहाँ बेहद खुश नजर आ रहे हैं वही उन्हें आन, बान और शान का प्रतीक बंदूक साथ न ले जा पाने का मलाल भी है। चम्बल के मुरैना जिले के रावतपुरा जोटई निवासी ठाकुर प्रतापसिंह तोमर जो पेशे से ठेकेदार हैं, अपने पुत्र कुँवर राघवेन्द्रसिंह की बारात 26 अप्रैल को जेट एयरवेज के एक विशेष विमान से अहमदाबाद ले जा रहे हैं। इस विमान में राजपूताना अंदाज में 144 बारातियों सहित दूल्हे राजा सवार होंगे। वे दूसरे दिन उत्तर भारत मूल के व्यवसायी ठाकुर उदयवीरसिंह भदौरिया की बेटी अर्चनासिंह को विदा कराके लौटेंगे। चम्बल की इस शाही बारात की खातिरदारी के लिए अहमदाबाद के एक पंचतारा रिसोर्ट में विशेष व्यवस्था की गई है। शाही बारात के एक बाराती ने कहा कि वे चम्बल की परम्परा के अनुसार बारात के लिए सज-धजकर तैयार हैं, लेकिन खुशी के इस मौके पर अपनी पहचान बनी बंदूक को साथ न ले जाने का उन्हें मलाल है।
|