देश के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी है। उड़ीसा में गर्मी के कारण एक युवक ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मौजूदा मौसम में देशभर में गर्मी से मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। महाराष्ट्र का अकोला जिला शुक्रवार को सर्वाधिक गर्म रहा। यहाँ अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर उड़ीसा के अंगुल जिले में आज एक 22 वर्षीय युवक ने गर्मी से दम तोड़ दिया। इससे राज्य में गर्मी से मरने वालों की संख्या छह हो गई। हालाँकि गैर सरकारी आँकड़ों के मुताबिक राज्य में अब तक 38 लोग मारे जा चुके हैं। इससे पहले 22 अप्रैल को कोलकाता में गर्मी ने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी को अपना शिकार बनाया था। राज्य का झारसुगोड़ा लगातार सबसे अधिक गर्म बना हुआ है। यहाँ अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर मैदानी इलाकों पंजाब हरियाणा और चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि आने वाले एक दो दिनों में हालात और अधिक खराब होने की आशंका है। मैदानी इलाकों में हिसार लगातार सबसे गर्म बना हुआ है। यहाँ 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
दिल्ली वाले भी आज पसीने से तर बरत रहे। यहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर पूर्वोत्तर के राज्य मिजोरम में जहाँ आमतौर पर गर्मियों में 20 से 30 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ मौसम खुशगवार रहता है इस बार गर्म हवा के थपेड़े अपना असर दिखा रहे हैं। राज्य में आज 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
|