उड़ीसा के बेहरामपुर जिले में सत्र अदालत के परिसर में मंगलवार को वकीलों और पुलिस में हुई झड़प में दोनों ओर से कई लोग घायल हो गए। गंजाम बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एसएन रथ ने आरोप लगाया है कि पुलिस के लाठीचार्ज में कम से कम 50 वकील जख्मी हुए। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि वकीलों को तितर-बितर करने के लिए उसे हलका बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस और वकीलों के बीच संघर्ष की नौबत तब आई जब वकीलों ने अदालत के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा दिया। पुलिस का कहना है कि जब उसने ताला खोलने का प्रयास किया तो वकीलों ने पथराव किया। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में गंजाम बार एसोसिएशन के कई वकीलों ने तहसील कार्यालय के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग 217 जाम कर दिया। पुलिस अधीक्षक एस. देबादत्ता ने बताया कि शांति और व्यवस्था बहाल करने के लिए अदालत परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
उल्लेखनीय है कि वकीलों की हड़ताल की वजह से अदालत चार दिसंबर से बंद है। वकील यहाँ उच्च न्यायालय की स्थायी खंडपीठ स्थापित करने की माँग कर रहे हैं। इस बीच गंजाम बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रथ ने कहा कि वकील अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे।
|