भाजपा ने मुंबई क्षेत्रीय भाजपा के नए अध्यक्ष के रूप में विधायक गोपाल शेट्टी को मनोनीत करने का फैसला किया है।
महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने मंगलवार को बताया कि शेट्टी को मधु चव्हाण की जगह मुंबई का नया अध्यक्ष बनाने का फैसला किया है और इसकी औपचारिक घोषणा वे बुधवार को मुंबई में करेंगे।
उन्होंने कहा कि चव्हाण को पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व देने का निर्णय किया गया है, जिसकी घोषणा भी शीघ्र ही की जाएगी।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तथा राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री गोपीनाथ मुंडे ने चव्हाण को मुंबई का अध्यक्ष बनाए जाने के विरोध में महासचिव समेत पार्टी के विभिन्न पदों से दो दिन पूर्व इस्तीफा दिया था, जिसको लेकर मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथसिंह एवं वरिष्ठ नेता एम. वेंकैया नायडू से विस्तार से बातचीत होने के बाद महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा के समक्ष उत्पन्न संकट का समाधान कर लिया गया है।
इसी के तहत चव्हाण की जगह नया अध्यक्ष बनाए जाने का बनाए जाने का फैसला किया गया। इस विचार विमर्श के बाद ही मुंडे ने पार्टी के विभिन्न पदों से दिए अपने इस्तीफे वापस लेने की घोषणा की। गडकरी ने कहा कि मुंडे हमारे वरिष्ठ नेता हैं और महाराष्ट्र विधानसभा तथा लोकसभा की राज्य की सभी 48 सीटों पर मुंडे के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा।
ज्ञातव्य है कि विगत तीन दिन पूर्व पार्टी ने चव्हाण को मुंबई भाजपा का अध्यक्ष मनोनीत किया था, जिसे लेकर मुंडे ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया तथा पार्टी के समक्ष अंदरूनी संकट पैदा हो गया था, जिसका अब पटाक्षेप हो गया है।
|