नर्मदा नदी परिक्रमा पथ तथा उस पर यात्रियों के लिए विभिन्न सुविधाएँ मुहैया कराने के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की मंगलवार को एक समिति गठित की है।
समिति गठन का निर्णय मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की अध्यक्षता में आज यहाँ मंत्रालय पर आयोजित एक बैठक में लिया गया। समिति के सदस्य सचिव वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) पंकज श्रीवास्तव होंगे। इसे नर्मदा परिक्रमा पथ निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।
समिति में नर्मदा घाटी नगरीय प्रशासन संभागीय आयुक्त प्रदूषण निवारण मंडल विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा ग्रामीण विकास के प्रतिनिधि भी शामिल किए गए हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने बैठक में कहा कि नर्मदा नदी हमारी सांस्कृतिक धरोहर भी है और इसे प्रदूषणमुक्त बनाने से परिक्रमावासियों का कष्ट भी दूर होगा। प्रदेश में नदियों के संरक्षण का काम बड़े पैमाने पर नर्मदा नदी से प्रारंभ किया जाएगा। नर्मदा एक मात्र ऐसी नदी है, जिसकी परिक्रमा करने की परंपरा है।
|