बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन ने अपनी शादी की पहली सालगिरह मियामी में मनाई। अभिषेक मियामी में करण जौहर की फिल्म 'दोस्ताना' के लिए शूटिंग कर रहे हैं।
मियामी के स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह 10 बजकर 40 मिनट पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये विशेष तौर पर रखी गई पत्रकार वार्ता के लिए दोनों शहर के एक स्टूडियो में आए। उपनगर के एक होटल में हुई पत्रकार वार्ता में भारतीय मानक समयानुसार रात आठ बजे दोनों ने अमिताभ के साथ अभिनीत फिल्म 'सरकार राज' को लेकर खुलासा किया। यह फिल्म छह जून को प्रदर्शित होने के लिए तैयार है।
बातचीत के दौरान बिग बी यानी अमिताभ बच्चन ने दोनों को कैमरे के सामने ठीक तरह से पेश आने के लिए चेताया। उन्होंने कहा- मैं आप दोनों को खुसुर-फुसुर करता देख रहा हूँ। यहाँ मीडिया है, जो आपको देख रहा है।
जब ऐश्वर्या से यह पूछा गया कि शादी के बाद उन्होंने अपने काम में कमी क्यों कर दी तो उन्होने कहा कि शादी के बाद से उन्होंने पूरे साल काम किया है।
ऐश्वर्या ने कहा कि 'जोधा-अकबर' का प्रदर्शन अच्छा रहा था। अब 'सरकार राज' और इसके बाद 'पिंक पैंथर' हैं। उन्होंने कहा कि वे मणिरत्नम की एक फिल्म के अलावा रजनीकांत के साथ रोबोट कर रही हैं। जोड़ी ने कहा कि उन्होंने अपने दिन की शुरुआत दोनों के माता-पिता का आशीर्वाद लेकर की।
अभिषेक ने कहा कि मेरे पिता का सबसे बड़ा तोहफा उनका आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि उन्होने ऐश्वर्या को मेरे लिए स्वीकार कर मुझे बहुत बड़ा तोहफा दिया है। ऐश्वर्या ने कहा कि उन्होंने और अभिषेक ने एक-दूसरे को जिंदगी भर साथ रहने का तोहफा दिया है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के मौके पर जया बच्चन, अमरसिंह, ऐश्वर्या के माता-पिता वृंदा और कृष्णराज राय भी मौजूद थे।
|