राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य दत्ता मेघे ने उच्च सदन के लिए दोबारा नामित नहीं किए जाने पर रविवार को पार्टी को अलविदा कह दिया।
अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन में पार्टी छोड़ने के फैसले की घोषणा करते हुए मेघे ने कहा कि उन्होंने राकांपा की राज्य इकाई के प्रमुख अरुण गुजराती को अपना इस्तीफा भेज दिया है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष शरद पवार से इस्तीफा स्वीकार करने का निवेदन भी किया है। विदर्भ क्षेत्र से आने वाले मेघे ने कहा कि वे कम से छह महीने तक किसी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगे और अपने गैर राजनीतिक संगठन विदर्भ विकास परिषद को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि शहर में 14 अप्रैल को पार्टी पदाधिकारियों के सम्मेलन में शरद पवार ने मेघे को आड़े हाथों लिया था। इसके बाद मेघे को पार्टी से किनारे किया जा रहा था। मेघे द्वारा अपने पुत्र को भाजपा में शामिल होने की अनुमति देने से पश्चिमी महाराष्ट्र से आने वाला पार्टी नेताओं का एक धड़ा भी उनसे नाखुश था।
|