उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय महासचिव राहुल गाँधी से कहा है कि कांग्रेस के 'युवराज' बुंदेलखंड में नाटकबाजी बंद कर महँगाई पर काबू पाने के लिए प्रयास करें।
मायावती ने शनिवार को अपने सरकारी आवास पर कहा कि प्रदेश में दो लोकसभा और तीन विधानसभा चुनावों में भाजपा सपा और कांग्रेस की बुरी तरह पराजय हुई है। इन पराजय के बाद अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए राहुल गलत बयानबाजी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 40 साल के कांग्रेसी शासनकाल में कांग्रेस ने बुंदेलखंड के पिछड़ेपन को दूर नहीं किया और उदासीन बनी रही। अब पिछले दो दिनों से कांग्रेस युवराज बुंदेलखंड में 'नाटकबाजी' कर रहे हैं।
मायावती ने राहुल को युवराज की संज्ञा देते हुए कहा कि उन्हें राजनैतिक शक्ति विरासत में मिली है। वह भूल गए हैं कि आज की सबसे बड़ी समस्या महँगाई है और इससे पूरे देश की जनता पीड़ित है। बेहतर होगा कि युवराज केन्द्र सरकार पर महँगाई को काबू पाने के लिए दबाव डालें।
मायावती ने युवराज द्वारा बुंदेलखंड में की जा रही कथित नाटकबाजी पर व्यंग्य कसे और चेतावनी भरे लहजे में कहा कि महँगाई से देश की 100 करोड़ जनता त्रस्त है और इस मुददे पर केन्द्र की सरकार कभी भी जा सकती है।
बसपा मुखिया ने कांग्रेस को आगाह करते हुए कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में सीमित और संकीर्ण राजनीति करने की बजाय राहुल को अपनी शक्ति ऊर्जा और बुद्धि का उपयोग अपनी पार्टी तथा केन्द्र सरकार के लिए करना चाहिए, जिससे देश के समक्ष उत्पन्न हुई आज की सबसे बड़ी ज्वलंत समस्या महँगाई पर काबू पाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के युवराज को चाहिए कि वह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उत्तरप्रदेश का सांसद होने के नाते अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए केंद्र से प्रदेश के लिए 80 हजार करोड़ रुपए का पैकेज दिलाने में सरकार का सहयोग करें।
उन्होंने यह भी कहा कि बुंदेलखंड के नाम पर नाटक और संकीर्ण राजनीति करने के बजाय राहुल सकारात्मक राजनीति का उदाहरण पेश करें और केन्द्र से वह विशेष पैकेज दिलाने में मदद करें जिसे वायदे के बावजूद केन्द्र सरकार ने आज तक नहीं दिया है।
|