छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आज एक सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई तथा 15 अन्य घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक हेमकृष्ण राठौर ने बताया कि रमकोला थाना क्षेत्र के ग्राम तारकेश्वर से कुछ लोग एक बच्चे के उपनयन संस्कार के लिए दो वाहनों से रामगढ़ जा रहे थे। रामगढ़ से 10 किमी पहले उदयपुर के निकट सामने से आ रही एक मेटाडोर ने इनमें से एक वाहन को टक्कर मार दी।
इस हादसे में एक दूधमुँहे बच्चे समेत सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिपकलिया (40), रामचरण (40), रामचंद्र (35), ईश्वर (40), हरिराम (35) तथा रुक्मणि (50) के रूप में की गई है। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को अंबिकापुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य आठ का इलाज उदयपुर के अस्पताल में किया जा रहा है।
|