उत्तर भारतीयों के खिलाफ महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के उग्र विरोध को राजनीतिक स्टंट बताते हुए बॉलीवुड अभिनेता और कांग्रेस सांसद गोविंदा ने कहा कि महानायक अमिताभ बच्चन को घटिया राजनीति में न घसीटा जाए।
गोविंदा ने कहा कि अमिताभ बच्चन, लता मंगेशकर और दिलीप कुमार जैसे लोग महान हस्तियाँ और भारतीय हैं। अच्छा होगा कि उन्हें घटिया राजनीति में न घसीटा जाए।
गोविंदा को लगता है कि बिग-बी कुछ दलों के इसलिए निशाने पर हैं, क्योंकि वे एक खास राजनीतिक दल के करीब हैं। गोविंदा ने हालाँकि यह भी कहा कि राज ठाकरे को अपना विचार रखने का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि राज की बात सुनने में कोई खराबी नहीं है, लेकिन कोई अपने विचारों को थोप नहीं सकता। पूरा देश एक इकाई है। हम किसी भी कीमत पर एक को दूसरे से अलग नहीं कर सकते।
|