मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > प्रादेशिक
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
झाँसी में राहुल गाँधी का धरना
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गाँधी ने सूखाग्रस्त बुंदेलखंड के अपने दौरे के दौरान आज ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर झाँसी के मंडलायुक्त आवास पर धरना दिया और लोगों की समस्या के बाबत मंडलायुक्त को एक ज्ञापन दिया।

राहुल ने ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओ से संबंधित करीब 250 शिकायती प्रार्थना-पत्र भी मंडलायुक्त को सौंपे और चेतावनी दी कि इन शिकायतों का यथाशीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे एक माह बाद पुन: वहाँ आकर धरना देंगे। राहुल गाँधी करीब आधे घंटे तक धरने पर बैठे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रीता बहुगुणा जोशी भी थीं।

गाँधी का काफिला आज दोपहर बाँदा के कर्वी क्षेत्र से मऊ रानीपुर होते हुए झाँसी पहुँचा। यहाँ ललितपुर रोड पर एकत्रित ग्रामीणों को साथ लेकर मंडलायुक्त के आवास पर पहुँचे, जहाँ वे मंडल प्रशासन को ग्रामीणों की समस्याएँ सुनाना चाहते थे।

आयुक्त के आवास की ओर जाते समय कांग्रेसियों की हजारों की भीड़ को जब सुरक्षा के कारणों से प्रशसान ने रोकना चाहा तो राहुल गाँधी ने मंडलायुक्त आवास के पास लगे अवरोधक के पास ही सड़क पर बैठ गए और करीब 20 मिनट बाद प्रशासन ने समस्या लेकर 150 ग्रामीणों और प्रदेश अध्यक्ष के साथ आयुक्त पीवी जगमोहन से भेंट की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा ने मंडल आयुक्त से क्षेत्र मे लोगो को केन्द्र की रोजगार गारंटी योजना का लाभ नहीं मिल पाने की शिकायत की। बबीना ब्लॉक से आए ग्रामीणों ने यह शिकायत की कि उन्हें विधिवत नरेगा योजना की 100 रुपए मजदूरी नहीं मिल रही है।

जिलाधिकारी राजीव अग्रवाल ने कहा कि नरेगा के तहत कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। राहुल गाँधी ने प्रशासन से गाँव जाकर नरेगा कार्य को विधिवत चलाने को कहा और साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि आज उनके द्वारा दिए गए 250 शिकायती प्रार्थना-पत्रों का हल नहीं हुआ तो वह एक माह बाद पुन: आकर यहाँ धरना देंगे।

राहुल के साथ हुआ व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण : यूएनपीए और समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अमरसिंह ने कहा कि कांग्रेस महासचिव राहुल गाँधी के साथ आज जो व्यवहार उत्तरप्रदेश के झाँसी में हुआ वह पूरी तरह से दुर्भाग्यपूर्ण है। राहुल झाँसी में एक धरने पर बैठे और उसके बाद वे वहाँ के जिला कलेक्टर से मिलना चाहते थे, पर उन्हें इसकी इजाजत नहीं दी गई।
और भी
लहरों से संघर्ष करती रंगोली  
लश्कर के दो आतंकवादी गिरफ्तार
अमिताभ भी पढ़ते थे चंदामामा
दो संदिग्ध आतंकी मुठभेड़ में ढेर
फर्रुखाबाद के सिटी मजिस्ट्रेट ने की आत्महत्या
बस हादसे में 14 लोगों की मौत