कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं सांसद अजीत जोगी ने नक्सलियों से हिंसा छोड़ नेपाल की तरह मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता जोगी ने कहा कि नेपाल में माओवादियों ने जिस तरह से मुख्यधारा में लौटकर चुनावी राजनीति में हिस्सा लिया उसी तरह देश के नक्सलियों को भी हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटना और चुनावों में भी हिस्सा लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नेपाल में तो माओवादी राजशाही को समाप्त कर लोकतंत्र स्थापित करने के लिए संघर्षरत थे, जबकि भारत में लोकतंत्र काफी मजबूत है।
उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ लोकतंत्र करार देते हुए कहा कि नक्सली जिस कमजोर, दबे-कुचले लोगों के हितों के लिए संघर्ष की बात करते हैं और उसके लिए हिंसा का रास्ता अख्तियार किए हुए है, उन्हें समझना चाहिए कि इससे उन्हें कुछ हासिल नहीं होने वाला है।
लोकतांत्रिक देश को हिंसा के जरिये कतई नहीं झुकाया जा सकता। नेपाल में संविधान सभा के चुनावों में माओवादियों की बढ़त को उन्होंने सकारात्मक करार देते हुए कहा कि जिस लड़ाई को माओवादी वहाँ पर लड़ रहे है और मुकाम हासिल करने के प्रयास में हैं, भारत में तो आजादी के साथ ही हासिल हो चुकी है।
जोगी ने व्यक्तिगत रूप से अपना उदाहरण देते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र के कारण ही वे सुदूर गाँव में आदिवासी गरीब परिवार में जन्म लेने के बावजूद भारतीय प्रशासनिक सेवा में चुने गए, कलेक्टर बने और मुख्यमंत्री तक बनने में सफल रहे। एक लोकतांत्रिक देश में ही यह संभव है।
|